रांची , अप्रैल 14 -- झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मंगलवार को कक्षा 11वीं की परीक्षा 2026 का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया।
परीक्षा का आयोजन राज्यभर में 25 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच किया गया था। परिणाम की घोषणा जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने परिषद मुख्यालय, रांची में की। इस अवसर पर परिषद के सचिव, परीक्षा नियंत्रक और वरिष्ठ सूचना पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
इस वर्ष कक्षा 11वीं का परिणाम काफी उत्साहजनक रहा। कुल 3,61,683 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ था, जिनमें से 3,58,533 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 3,55,399 विद्यार्थियों को प्रोन्नत किया गया। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 99.12 रहा, जो पिछले वर्ष के लगभग 98% की तुलना में अधिक है।
जैक द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस बार सभी जिलों और विभिन्न डिवीजनों में छात्रों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। अधिकांश विद्यालयों में बेहतर परिणाम देखने को मिला, जो राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संकेत देता है। उच्च सफलता दर से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
परिणाम जारी करते हुए जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। साथ ही, उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में जिला शिक्षा पदाधिकारियों, स्कूल प्राचार्यों और परीक्षा कर्मियों की भूमिका की सराहना की।
श्री हांसदा ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया जो अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं ला सके या किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि ऐसे छात्रों के लिए आगे भी पर्याप्त अवसर उपलब्ध रहेंगे और उन्हें निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित