रांची , अप्रैल 07 -- झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आज कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव समय पर ही होंगे और यह हमारी प्रतिबद्धता है।

श्रीमती सिंह ने कहा अगले वर्ष चुनाव 27% ओबीसी आरक्षण के साथ कराए जाएंगे। प्रस्ताव केंद्र को भेजा जा चुका है और प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा संकल्प साफ है न देरी, न बाधा. सिर्फ़ पारदर्शी और समयबद्ध चुनाव।

श्रीमती सिंह ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पंचायत चुनाव अगले वर्ष निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी भी प्रकार की देरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ सभी आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।

मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसकी समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रक्रियाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि चुनाव में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री श्रीमती सिंह ने बताया कि राज्य सरकार ने इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए विधानसभा में मजबूती के साथ रखा है। सरकार द्वारा 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, जिस पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित