यमुनानगर , अक्टूबर 25 -- हरियाणा में यमुनानगर के मॉडल टाउन क्षेत्र में सड़क व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने एक और विकास कार्य शुरू किया है।
वार्ड नंबर-8 में 92.38 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास मेयर सुमन बहमनी और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने किया। मेयर और विधायक ने नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद और वार्ड पार्षद विभोर पाहुजा के साथ जेसीबी पर नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त ने बताया कि सड़क का निर्माण गोविंदपुरी रोड स्थित सागर रत्ना होटल से यमुनाक्लब होते हुए परशुराम चौक तक किया जाएगा। सड़क पर 50 एमएम और 30 एमएम बिटुमिनस की दो परतें बिछाई जाएंगी, जिससे सड़क को मजबूती मिलेगी और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि शहर में सड़क और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत संरचना मजबूत होगी। सरकार और नगर निगम शहर के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
मेयर ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि लोगों को लंबे समय तक सुविधा मिल सके। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि निर्माणमें तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि काम समय पर पूरा हो सके।
इस अवसर पर पूर्व मेयर मदन चौहान, गिरीश पुरी, रोजी मलिक आनंद, मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़, महामंत्री संदीप बजाज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित