लखनऊ , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के अनुसार, 1 मई से 29 जुलाई के बीच प्रदेश ने 49 दिनों तक देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इस अवधि में 32 दिनों तक उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति के मामले में दूसरे स्थान पर भी रहा।

यूपीपीसीएल के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 24 जून को प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक पीक बिजली मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया। यह किसी भी राज्य द्वारा अब तक की गई सबसे अधिक बिजली आपूर्ति का रिकॉर्ड है। इससे पहले वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश में अधिकतम मांग का रिकॉर्ड 31,486 मेगावाट था।

प्रदेश ने इस दौरान पांच अलग-अलग अवसरों पर महाराष्ट्र की अब तक की सर्वाधिक 32,317 मेगावाट पीक डिमांड से भी अधिक बिजली की आपूर्ति कर अपने विद्युत तंत्र की क्षमता का प्रदर्शन किया। सरकार के अनुसार, रिकॉर्ड बिजली आपूर्ति का लाभ उद्योग, व्यापार, कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को मिला है। भीषण गर्मी के दौरान भी प्रदेश में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली और उपभोक्ताओं को राहत मिली।

यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने कहा कि प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता रही, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित