चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- हरियाणा सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 से 17 अगस्त तक राज्यभर में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' चलाएगी। इस दौरान वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ और 14 अगस्त को विभाजन की भयावह स्मृति दिवस भी विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रशासनिक अधिकारियों, उपायुक्तों और विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक में की।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी सरकारी विभाग, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय और सामाजिक संगठन अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के अनुसार अभियान के तहत बीपीएल परिवारों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जाएंगे, तिरंगा बिक्री केंद्र लगाए जाएंगे तथा राज्यभर में तिरंगा रैलियां, बाइक और साइकिल रैलियां, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक आयोजन और 'सेल्फी विद तिरंगा' जैसी डिजिटल गतिविधियां आयोजित होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित