लखीसराय, अक्टूबर 07 -- िहार के लखीसराय जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत पोषण मेला का आयोजन किया गया। पोषण मेला के दौरान समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) की ओर से जागरूकता स्टॉल लगाए गए। स्टॉलों के माध्यम से आमजनों एवं लाभुकों को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यवेक्षिकाओं द्वारा "हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी", "सही पोषण-देश रोशन" सहित विभिन्न पोषण जागरूकता नारों का उद्घोष किया गया। नारों के माध्यम से आमजनों को बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लाभुकों तक विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने तथा पोषण संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी,बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला परियोजना सहायक, महिला पर्यवेक्षिकाएं, प्रखंड समन्वयक एवं सेविका उपस्थित थे।सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा जिले को स्वस्थ एवं सुपोषित बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
पोषण मेला का उद्देश्य आमजनों में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं एवं बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित