भागलपुर , अक्टूबर 25 -- बिहार में भागलपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस ने करीब 860 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। कहलगांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एक) दिलीप कुमार ने रविवार को यहां बताया कि जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र में मिर्जाचौकी- मुंगेर फोरलेन से अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप के गुजरने की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक अतुलेश झा की निगरानी और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी - वन एवं रसलपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने फोरलेन पर एकचारी टोल प्लाजा के पास वाहन तलाशी अभियान चलाया।उन्होंने बताया कि इस दौरान वहां पर आये एक वाहन की तलाशी के क्रम में कुल 457.920 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया और मौके पर से दो तस्करों को दबोच लिया गया है। पकड़े गए दोनों तस्करो की पहचान रजनीश राय एवं राजकुमार के रुप में हुई है और वह बेगुसराय जिले के बछवाड़ा तथा बलिया क्षेत्र का रहने वाला है।
श्री कुमार ने बताया कि इसी तरह शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास आज पुलिस की विशेष टीम ने एक बेलोरो गाड़ी से कुल 371.520 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त किया। लेकिन तस्कर पुलिस टीम को देखकर पहले ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस पकड़े गए दोनों तस्करो से कड़ी पूछताछ करने के बाद सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरु कर दी है। पूछताछ में मिली प्रारंभिक जानकारी के बाबत शराब तस्करों के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित