लखनऊ , सितंबर 24 -- ग्रीन रे इंटरनेशनल कंपनी से जुड़े करीब 78 करोड़ रुपये के गबन और धोखाधड़ी के मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की टीम ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार, टीम ने गुरुवार को थाना गलशहीद, मुरादाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 64/16 से संबंधित मामले में तीन आरोपियों को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया। फुरकान अहमद को कटघर क्षेत्र, फिरासत अली को मूंढापांडे क्षेत्र और इब्राहिम सैफी को भोजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तीनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ईओडब्ल्यू के अनुसार ग्रीन रे इंटरनेशनल कंपनी के निदेशकों और एजेंटों ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को कम समय में धनराशि दोगुनी करने का प्रलोभन देकर निवेश कराया। कंपनी की योजनाओं पर भरोसा कर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी धनराशि निवेश की।

जांच के अनुसार कंपनी के निदेशकों और एजेंटों ने आपस में साठगांठ कर सुनियोजित तरीके से निवेशकों को योजनाओं के संबंध में विश्वास में लिया। कंपनी में लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए कुछ निवेशकों को समय-समय पर रकम वापस भी की जाती थी। इसके बाद नए बेरोजगार युवाओं को निवेशक और ग्राहक बनाकर अधिक से अधिक धनराशि एकत्र की जाती थी।

ईओडब्ल्यू का आरोप है कि कंपनी के संचालकों, निदेशकों और एजेंटों ने निवेशकों से प्राप्त करीब 78 करोड़ रुपये की धनराशि उनकी जानकारी के बिना हड़प ली और आपस में बांट ली। इसके बाद कंपनी बंद कर आरोपी फरार हो गए। ईओडब्ल्यू के अनुसार ग्रीन रे इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ ओडिशा और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों तथा थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी विवेचना केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित