बैतूल , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे '75 कदम अभियान' के 21वें दिन गुरुवार को जयवंती हक्सर कॉलेज और सिविल लाइन स्थित एक विद्यालय परिसर के आसपास सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कई किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र कर नगर पालिका को सौंपा गया।

वृंदा सोशल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित अभियान के तहत धरती सेवकों ने सुबह आठ से नौ बजे तक कॉलेज के मुख्य द्वार से पदयात्रा और सफाई अभियान शुरू किया। स्वयंसेवकों ने विद्यालय की चारदीवारी के आसपास बिखरी पॉलीथिन और प्लास्टिक डिस्पोजल एकत्र किए। अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

इस अवसर पर डॉ. चंद्रशेखर त्रिपाठी, रमेश भाटिया, नारायण मिश्रा, नवल सिंह ठाकुर, शंकर चांवरिया, हेमंत चंद्र, बबलू दुबे और राधेलाल बनखेड़े सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने स्वयंसेवकों को दस्ताने उपलब्ध कराने के लिए डॉ. सतीश खंडेलवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

अभियान से जुड़े सदस्यों ने नागरिकों, दुकानदारों तथा फल-सब्जी विक्रेताओं से खुले में प्लास्टिक नहीं फेंकने और इसका उपयोग कम करने की अपील की। स्कूलों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

इस बीच ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब महिलाओं द्वारा ईंधन के अभाव में पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरा जलाने की समस्या भी सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मिट्टी के तेल की कमी और अन्य ईंधनों की ऊंची कीमतों के कारण कुछ महिलाएं लकड़ी के चूल्हे में प्लास्टिक का इस्तेमाल कर रही हैं। इससे उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयास बढ़ाने तथा महिलाओं को सुरक्षित ईंधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित