चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित शेफक्स इंडिया 2026 का माहौल शनिवार को पूरी तरह उत्साह और गतिविधियों से भरा रहा। तीन दिवसीय फूड एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो में बड़ी संख्या में शेफ, उभरती पाक-कला प्रतिभाएं और विभिन्न कंपनियों के प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं।
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया आज एक्सपो का औपचारिक उद्घाटन किया । आयोजन स्थल पर अपने पारंपरिक सफेद कोट में पहुंचे 700 से अधिक शेफ लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं, उभरते शेफ द्वारा प्रस्तुत फैशन शो ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में फूड, हॉस्पिटैलिटी, फूड प्रोसेसिंग और रिटेल से जुड़े उत्पादों तथा तकनीकी समाधानों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर प्रदर्शित उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ले रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित