अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से अलवर के नगर बगीची स्थित जिला मुख्यालय पर राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 31 जुलाई तक चलने वाले इस शिविर में टपूकड़ा, बानसूर और अलवर शहर की द्वितीय एवं तृतीय सोपान उत्तीर्ण कर चुकी 70 गाइड्स शामिल हो रही हैं। शिविर का उद्देश्य प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार के लिए आवश्यक कौशल में दक्ष बनाना और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।

शिविर में गाइड्स को राज्य पुरस्कार के निर्धारित पाठ्यक्रम के तहत प्राथमिक उपचार, मानचित्रण, गैजेटिंग, पथप्रदर्शक, रूपरेखा निर्माण सहित स्काउट-गाइड गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा अनुशासन, समन्वय, आपदा प्रबंधन और सेवा भावना जैसे विषयों पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों का जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें सफल होने वाली गाइड्स को राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड का प्रतिष्ठित राज्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित