चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने 7.8 प्रतिशत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि के आंकड़ों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वृद्धि करोड़ों भारतीयों के लिए कोई राहत नहीं है, क्योंकि आम आदमी अभी भी महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहा है।

राजा वड़िंग ने कहा कि ऐसे जीडीपी आंकड़ों का जश्न मनाने का कोई अर्थ नहीं है, यदि उनका लाभ जमीन पर आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि यदि देश की अर्थव्यवस्था इतनी मजबूत है तो लोगों को बार-बार मितव्ययिता की सलाह क्यों दी जा रही है और सोना न खरीदने या विदेश न जाने जैसी बातें क्यों कही जा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जीडीपी के आंकड़े भले ही सुर्खियां बना सकते हैं और सकारात्मक माहौल पैदा कर सकते हैं, लेकिन आम आदमी के लिए पिछले कई वर्षों की तरह आज भी जीवन कठिन बना हुआ है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतें आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों का उदाहरण देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में पर्याप्त राहत नहीं मिली। इन कीमतों का सीधा अथवा अप्रत्यक्ष असर हर भारतीय पर पड़ता है।

राजा वड़िंग ने प्रधानमंत्री से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में कमी करने की मांग करते हुए कहा कि आम आदमी को भी महसूस होना चाहिए कि 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का उसके जीवन पर वास्तविक असर क्या है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित