पटना , मार्च 30 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि 69वीं बीपीएससी बैच के 69 परीक्ष्यमान राजस्व अधिकारियों में से अब तक 30 अधिकारी कार्य पर वापस लौट चुके हैं, तथा शेष अधिकारियों को कल 31 मार्च तक का अंतिम अवसर दिया गया है।
श्री सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी निर्धारित समय सीमा तक अपने कार्यस्थल पर वापस नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि हड़ताल के बावजूद अभी 563 बिहार राजस्व सेवा के अधिकारी राज्य में कार्यरत हैं। सरकार ने व्यवस्था सुनिश्चित कर दी है कि एक अप्रैल से राज्य के सभी अंचलों में राजस्व सेवा के अधिकारी अनिवार्य रूप से पदस्थापित रहेंगे। इससे दाखिल-खारिज, परिमार्जन, ई मापी, भूमि विवाद, प्रमाण पत्र और अन्य राजस्व से जुड़े कार्यों का निष्पादन प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बाधित हुए कार्यों की गति बढ़ाने का निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने दो टूक कहा कि सरकार जनता के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था को बाधित करने, भ्रष्टाचार करने या प्रशासनिक अनुशासन तोड़ने वालों के लिए सरकार में कोई स्थान नहीं है। राज्य सरकार पूरी सख्ती के साथ कानून और नियमों के अनुसार कार्रवाई करेगी, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत रहे और जनता को बिना किसी बाधा के सेवाएं मिलती रहें। अराजकता फैलाने वालों पर भी सख्त नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित