रांची , सितंबर 20 -- झारखण्ड विधान सभा के सदस्य एवं सम्मेलन में पर्यवेक्षक मथुरा प्रसाद महतो एवं दशरथ गागराई 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन में भाग लेने के उपरांत मुंबई होते हुए आज रांची लौट आए।

रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर आगमन के अवसर पर झारखण्ड विधान सभा की ओर से दोनों माननीय सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया गया।

इस अवसर पर झारखण्ड विधान सभा के प्रभारी सचिव, रंजीत कुमार ने हवाई अड्डे पर उपस्थित होकर पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों माननीय सदस्यों की स्वागत की। उल्लेखनीय है कि 69वां राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन 13 से 19 सितंबर 2026 तक केप टाउन, दक्षिण अफ्रीका में आयोजित था।

झारखण्ड राष्ट्रमंडल संसदीय संघ शाखा की ओर से, झारखण्ड विधान सभा अध्यक्ष, रबीन्द्र नाथ महतो ने डेलीगेट के रूप में तथा सदस्य, मथुरा प्रसाद महतो एवं दशरथ गागराई ने ऑब्जर्वर के रूप में सम्मेलन में भाग लिये। राँची लौटने पर सदस्यों ने सम्मेलन को संसदीय अनुभवों एवं विचारों के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया ।

उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रक्रियाओं को समझने और साझा करने के लिये यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच है। सम्मेलन के दौरान हुए विचार-विमर्श से संसदीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, उत्तरदायी बनाने की दिशा में इस सम्मेलन से महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित