हांसी , मई 26 -- हरियाणा के हांसी सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक विनोद भयाणा को मंगलवार को अपने ही विधानसभा क्षेत्र में भाखड़ा नहर पेयजल प्रोजेक्ट को लेकर ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
यह मामला 68 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किये जा रहे भाखड़ा नहर पेयजल प्रोजेक्ट का है, जिसके विरोध में गांव चनौत के ग्रामीण पिछले 10 दिनों से धरने पर बैठे हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि भाखड़ा नहर से लाये जा रहे शुद्ध पानी की पाइलाइन से उनके गांव के जलघर को भी सीधा कनेक्शन दिया जाये, ताकि गांव को स्थायी रूप से पेयजल संकट से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक प्रोजेक्ट का काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
धरना समाप्त करवाने पहुंचे विधायक विनोद भयाणा को ग्रामीणों ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि अगर गांव को पानी नहीं मिला तो आगामी चुनाव में उन्हें वोट नहीं दिया जाएगा। लोगों ने विधायक को चुनाव के दौरान किये गये वादे भी याद दिलाये और आरोप लगाया कि अब तक कोई वादा पूरा नहीं हुआ।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विधायक ने कहा कि यह मामला सीधे उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं है, फिर भी वे सरकार से बातचीत करेंगे।
जानकारी के अनुसार, भाखड़ा नहर का शुद्ध पानी लाने के लिए करीब 68 करोड़ रुपये की लागत से यह प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। यह तीसरी बार बाधित हुआ है। इससे पहले एनएचएआई से एनओसी नहीं मिलने और पिछले वर्ष भारी बारिश के कारण हांसी-बरवाला रोड पर जलभराव होने से काम रुका था। अब ग्रामीणों के आंदोलन के चलते परियोजना दोबारा ठप हो गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित