मथुरा , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में परिषदीय विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर 663 परिषदीय विद्यालयों में 14,060 डेस्क-बेंच वितरण तथा 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' के अंतर्गत मियावाकी पद्धति पर आधारित 101 'लाडली वन' की स्थापना का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि जनपद के 663 असंतृप्त परिषदीय विद्यालयों में डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए जाने से 57,328 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

सांसद ने जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के नेतृत्व में किए जा रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि "आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली" अभियान के तहत स्थापित किए जा रहे 101 'लाडली वन' पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मियावाकी (जापानी) पद्धति से विकसित किए जाने वाले ये सघन वन कम समय में घने जंगल का स्वरूप ले लेते हैं, जिससे जैव विविधता का संरक्षण, भूजल संवर्धन और वायु गुणवत्ता में सुधार होता है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 101 'लाडली वन' विकसित किए जा रहे हैं तथा आगामी समय में जनपद की 495 अन्य ग्राम पंचायतों में भी इस योजना का विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में पंचायती राज एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज एवं बेसिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से अध्ययन कर उपनिरीक्षक पद पर चयनित अभ्यर्थियों सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 प्रशासकों, 10 ग्राम पंचायत सचिवों, सहायक विकास अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम में बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, मांट विधायक राजेश चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, प्रभागीय वनाधिकारी वेंकट श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित