वाराणसी , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश में सावन माह के पावन अवसर पर सनातन संस्कृति की राजधानी काशी में रविवार को मारवाड़ी युवा फाउंडेशन 'अरिदम परिवार' की ओर से भव्य बैजनाथ कांवड़ यात्रा निकाली गई। 651 गंगाजल से भरे कलशों के साथ निकली इस यात्रा का शुभारंभ प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने गिरजाघर चौराहे पर पूजा-अर्चना कर प्रथम कांवड़ प्रदान कर किया।
इस अवसर पर डॉ. दयालु ने कहा कि अध्यात्म और संस्कृति की राजधानी काशी अपनी सनातन परंपराओं को पूरे उत्साह के साथ निभाती है। बैजनाथ कांवड़ यात्रा उसी परंपरा की जीवंत मिसाल है। उन्होंने कहा कि 651 कांवड़ियों का एक साथ गंगाजल लेकर चलना इस बात का संदेश देता है कि काशी में आस्था, सेवा और समरसता का अद्भुत संगम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन तथा सनातन परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, अनुशासन और सेवा-भाव का भी प्रतीक है। सरकार ऐसी परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित