बुलन्दशहर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश में बुलन्दशहर जिले की पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 600 नशीली गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार अजय ने सोमवार को बताया कि अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना कोतवाली देहात पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 600 अवैध नशीली गोलियां (अल्प्राजोलम) बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलीम पुत्र हफीज निवासी ग्राम भाईपुरा, थाना कोतवाली देहात, जनपद बुलन्दशहर तथा वर्तमान निवासी चांद मस्जिद वाली गली, मोहल्ला फैसलाबाद, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात में धारा 21/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस उसके नेटवर्क और नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित