पटना , जून 19 -- ाजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार राजस्व सेवा संवर्ग के 60 अधिकारियों को अंचल अधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड (वेतन स्तर-09) का कार्यकारी प्रभार प्रदान किया है। इस संबंध में विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी की। विभागीय अधिसूचना के अनुसार, बिहार राजस्व सेवा के राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड (वेतन स्तर-07) के अधिकारियों को उनकी वरिष्ठता के आधार पर उच्चतर पद का अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार अगले आदेश तक दिया गया है।
इस निर्णय के तहत अधिकांश अधिकारियों को विभिन्न अंचलों में अंचल अधिकारी के रूप में तथा कुछ अधिकारियों को राजस्व अधिकारी-सह-कानूनगो एवं सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी के पद पर कार्यकारी प्रभार दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यकारी प्रभार सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचनाओं एवं विभागीय स्क्रीनिंग समिति की अनुशंसा के आधार पर प्रदान किया गया है। साथ ही यह व्यवस्था माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित वाद के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
अधिसूचना के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को अंचल अधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड के पद पर योगदान की तिथि से वित्तीय लाभ भी देय होगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति सामने आती है तो आदेश में आवश्यक संशोधन अथवा निरस्तीकरण किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित