अलवर , जुलाई 29 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले की जैरोली थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के बैंक खातों से करीब छह करोड़ 68 लाख रुपये के साइबर लेन-देन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। गिरोह शेयर मार्केट में निवेश, पुराने नोट और दुर्लभ सिक्कों के बदले लाखों रुपये दिलाने का झांसा देकर देशभर के लोगों को ठगी का शिकार बनाता था।

पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बुधवार को बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डोटाना गांव की पहाड़ी की तलहटी में करीब 15 युवक मोबाइल फोन के जरिए लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल ने मौके पर दबिश दी। पुलिस वाहन को देखकर युवक पहाड़ियों की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर नपीश (30) और जब्बार (31) को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल और पांच सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न राज्यों के लोगों को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देते थे। इसके अलावा पुराने नोट और दुर्लभ सिक्कों के बदले लाखों रुपये दिलाने का झूठा झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन रकम अपने बैंक खातों में अंतरित करवाते थे।

अब तक की जांच में गिरोह के खातों में करीब छह करोड़ 68 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित