जगदलपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में जगदलपुर के थाना बोधघाट क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापा मारकर 54 किलोग्राम गांजा के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 26.97 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि राजस्थान के चार व्यक्ति गोयल धर्मशाला के कमरा नंबर 09 में ठहरे हुए हैं। उनसे मिलने के लिए सुकमा के दो व्यक्ति चार अलग-अलग बैग में अवैध गांजा लेकर पहुंचे हैं। सभी आरोपी इस मादक पदार्थ को आगे ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था में लगे थे।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धर्मशाला में दबिश देकर कमरे की तलाशी ली, जहां छह संदिग्ध व्यक्ति मिले। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम बबलू कुशवाहा (32), श्रीनिवास (26), देशराज कुशवाहा (20) निवासी अघनपुर जिला धौलपुर (राजस्थान), पंकज उपरेती (19) निवासी आगरा (उत्तर प्रदेश), तथा राम सिंह (22) और दुबराज कश्यप (28) निवासी सुकमा (छत्तीसगढ़) बताए।

तलाशी के दौरान चार बैग में रखे सात पैकेट बरामद हुए, जिन्हें भूरे रंग के सेलो टेप से लपेटा गया था। इन पैकेटों में कुल 54 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 26,97,200 रुपये है। इसके अलावा छह मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नगद भी जब्त किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित