बून्दी , मई 21 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि "बून्दी केवल अतीत की विरासत बनकर न रहे, बल्कि भविष्य की संभावनाओं का भी केंद्र बने", इसी उद्देश्य से शहर के विकास का एक व्यापक ब्लूप्रिन्ट तैयार किया गया है, जिसे अब चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा।

श्री बिरला गुरुवार को बून्दी के दौरे के दौरान करीब 48.98 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे थे। इस दौरान टाउन हॉल में आयोजित "बून्दी विकास मंथन" कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से बून्दी के समग्र विकास को लेकर सुझाव भी लिए गए। कार्यक्रम में बून्दी में प्रस्तावित लगभग 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

श्री बिरला अपने संबोधन में कहा कि 500 करोड़ से बून्दी के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बून्दी अब औद्योगिक क्रांति के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने बताया कि तालेड़ा क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं और आने वाले समय में देशी-विदेशी पर्यटकों का आकर्षण इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और पहचान को नई ऊंचाई देगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, आधुनिक रेलवे स्टेशन और प्रस्तावित कोटा-बून्दी एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को देश के बड़े आर्थिक और पर्यटन मानचित्र से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने बून्दी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर खेल संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि "विरासत के साथ विकास" के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए शहर के ऐतिहासिक द्वारों, बावड़ियों, छतरियों, परकोटा क्षेत्र और प्रमुख धरोहरों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। फसाड लाइटिंग, हेरिटेज वॉकवे और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से भविष्य में शाम के समय पूरा बून्दी स्वर्णिम आभा में दमकता नजर आएगा।

इसके साथ ही शहर की आधारभूत संरचना को आधुनिक स्वरूप देने के लिए प्रमुख सड़कों का उन्नयन, भूमिगत विद्युत लाइनें, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, पार्कों का विकास, चौपाटी, अंडरग्राउंड पार्किंग और अन्य आधुनिक शहरी सुविधाओं पर भी कार्य किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित