प्रयागराज , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश की पुलिस अतीक गैंग के जिस शूटर को पिछले तीन साल से ढूंढ रही थी, वह बिहार की गया सेंट्रल जेल में बंद मिला। उमेश पाल हत्याकांड में शामिल रहे इस शूटर अरमान पर पुलिस ने पांच लाख रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा है। अरमान मूलरूप से गयाजी का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद वह बचने के लिए गयाजी भाग गया था। अरमान पर गया में भी एक दुकानदार पर फायरिंग करने का केस दर्ज था। इसी मामले में उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद अरमान को गया सेंट्रल जेल भेजा गया था।
सूचना मिलते ही यूपी पुलिस गयाजी पहुंची और अरमान की पहचान की। उसे अपने साथ लाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की है। जल्द ही पुलिस अरमान को प्रयागराज लाएगी।उत्तर प्रदेश पुलिस पिछले 3 साल से अरमान की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को उसके गयाजी के जेल में बंद होने की सूचना मिली। इस सूचना के बाद प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस 30 सितंबर को गया सेंट्रल जेल पहुंची। जेल में अरमान की ताजा तस्वीर खींचीं। सादे कागज पर उसके अंगूठे के निशान लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित