नयी दिल्ली , मार्च 06 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अहमदाबाद जोनल कार्यालय ने 47.88 करोड़ के कथित बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अनिल न्यूट्रिएंट्स लिमिटेड, उसके डायरेक्टर अमोल श्रीपाल शेठ तथा छह अन्य आरोपियों/संस्थाओं के खिलाफ अभियोजन शिकायत (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दायर की है।

यह मामला बैंक ऑफ इंडिया से 47.88 करोड़ की कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है। ईडी ने यह जांच सीबीआई द्वारा नयी दिल्ली में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की थी।

एफआईआर में भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी और 420 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(डी) के तहत अपराध दर्ज किए गए थे। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने अहमदाबाद की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई) अदालत में अमोल श्रीपाल शेठ और सात अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।

ईडी की जांच में पाया गया कि अनिल न्यूट्रिएंट्स लिमिटेड और उसके निदेशक ने कथित रूप से सुनियोजित साजिश के तहत बैंक से प्राप्त धन को फर्जी लेनदेन के जरिए अपनी सहयोगी कंपनियों में स्थानांतरित कर दिया।

जांच एजेंसी के अनुसार, फर्जी और बनावटी लेनदेन के जरिए बड़ी राशि को संबंधित कंपनियों में भेजा गया और समूह कंपनियों के कारोबार को फर्जी तरीके से बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया। इसके आधार पर बैंकों से बड़े ऋण लिये गये, जिससे बैंक को नुकसान और आरोपियों को अनुचित लाभ पहुंचा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित