सुपौल , जुलाई 31 -- बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सतर्कता अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी, बीरपुर ने 451 किलोग्राम गांजा और नेपाली शराब की खेप बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।एसएसबी 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की रात सीमा चौकी नियोर के जवानों ने विशेष नाका ड्यूटी के दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान नेपाल के सप्तरी जिले के रामपुर निवासी राजेश शाह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 20 किलोग्राम प्रतिबंधित 'प्रोटिटा (प्रोटीन)' बरामद किया गया। बरामद सामग्री और स्कूटी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद लैंड कस्टम कार्यालय, कुनौली के सुपुर्द कर दिया गया।
श्री सिंह ने बताया कि त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) और बिहार पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर बीरपुर के महादलित टोला स्थित सुधीर पंडित के घर से 23.325 लीटर नेपाली शराब बरामद की तथा उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए बीरपुर थाना को सौंप दिया गया।
एक अन्य कार्रवाई में सीमा चौकी शैलेशपुर के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या 206/4 के निकट एक संदिग्ध व्यक्ति को साइकिल पर बोरी लेकर आते देखा। सुरक्षा बल को देखकर वह साइकिल और बोरी छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया। बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 54 लीटर नेपाली शराब मिली, जिसे उत्पाद विभाग, सिमराही के हवाले कर दिया गया।
इसी क्रम में आज सुबह सीमा चौकी पिपराही और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने कोसी नदी के किनारे स्पर संख्या 1500 के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 14 बंडलों से लगभग 451 किलोग्राम गांजा बरामद किया। तस्करों ने नदी मार्ग से गांजे की खेप लाकर झाड़ियों में छिपा रखी थी। बरामद गांजा को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रतनपुरा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित