वाराणसी , अगस्त 11 -- बाढ़ एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) और वाराणसी नगर निगम के बीच 45.30 करोड़ रुपये की समेकित वर्षा जल निकासी परियोजना के क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

एमओयू का आदान-प्रदान उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी, बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत तथा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में हुआ। बरेका की ओर से उप मुख्य अभियंता उत्पल कांत तथा नगर निगम की ओर से मुख्य अभियंता सुरेश चंद ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

परियोजना के तहत बरेका के पहाड़ी गेट से चितईपुर रोड तक लगभग 14.20 किलोमीटर लंबी समेकित वर्षा जल निकासी प्रणाली का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत 45.30 करोड़ रुपये है, जिसमें बरेका 24.00 करोड़ रुपये तथा वाराणसी नगर निगम 21.30 करोड़ रुपये का योगदान देगा।

परियोजना पूरी होने पर बरेका की पश्चिम कॉलोनी स्थित रेलवे आवासों को वर्षा जल से सुरक्षा मिलेगी तथा भवनों की दीर्घकालिक मजबूती सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही बरेका से सटे नगर निगम क्षेत्र के हजारों नागरिकों को मानसून के दौरान जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत अभियंता मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक शील, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य अभियंता शैलेंद्र कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक सागर, वाराणसी नगर निगम के पार्षद तथा नगर निगम एवं बरेका के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित