दरभंगा , सितंबर 09 -- बिहार के दरभंगा जिले में मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग और पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में कुल 436.500 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान सूचना के आधार पर पोहद्दी- बिशनपुर सड़क किनारे लावारिश खड़ी एक कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 148.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब दो लाख रुपये बताया गया है। इस मामले में मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, दरभंगा पुलिस ने भी अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जमालपुर थाना क्षेत्र के जगसो गांव स्थित कमला बलान बांध के समीप छापेमारी की। इस दौरान शराब कारोबार में प्रयुक्त एक उजले रंग की स्कॉर्पियो, फॉर्म ट्रैक्टर और एक अपाचे मोटरसाइकिल के साथ 32 कार्टन में रखी 288 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गयी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल प्रभाकर तिवारी के अनुसार जब्त शराब के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर धंधे में संलिप्त लोगों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग या पुलिस को तत्काल इसकी जानकारी दें, जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मद्यनिषेध कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित