जालंधर , सितंबर 01 -- प्रतिष्ठित 43वें इंडियन ऑयल सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट को और आकर्षक बनाने तथा हॉकी के प्रति आम लोगों की रुचि बढ़ाने के लिए जालंधर की प्रमुख कंपनी सतलुज मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड ने दर्शकों के लिए मारुति ऑल्टो एसी कार बतौर पुरस्कार प्रायोजित करने का फैसला किया है।
सुरजीत हॉकी सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष लखविंदर पाल सिंह खैरा ने मंगलवार को बताया कि सोसायटी पदाधिकारियों और सतलुज मोटर्स के अधिकारियों के बीच हुई बैठक में कंपनी ने टूर्नामेंट के दर्शकों के लिए मारुति ऑल्टो कार प्रायोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने सतलुज मोटर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी खेलों, विशेषकर हॉकी को बढ़ावा देने में लगातार योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि हॉकी के प्रति समर्पित प्रायोजकों के सहयोग से पंजाब की खेलों, विशेषकर हॉकी में मजबूत पहचान कायम रखने में मदद मिली है।
बैठक में सतलुज मोटर्स के चेयरमैन एवं सीईओ नरिंदर सिंह विल्खू, प्रबंध निदेशक परमजीत सिंह विल्खू, निदेशक अमृत पाल सिंह, हरसिमरत सिंह और हरकमल जीत सिंह विल्खू मौजूद रहे।
श्री विल्खू ने कहा कि जालंधर को भारतीय हॉकी का 'मक्का' कहा जाता है और सतलुज मोटर्स हमेशा हॉकी के प्रचार एवं विकास के लिए सहयोग करती रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी कंपनी ने सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के लिए 2.50 लाख रुपये का योगदान दिया था। इस वर्ष दर्शकों के लिए मारुति ऑल्टो एसी कार देने का फैसला किया गया है।
उन्होंने कहा कि सतलुज मोटर्स के लिए सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट परिवार से जुड़ना गर्व की बात है और कंपनी भविष्य में भी टूर्नामेंट को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।
श्री खैरा ने बताया कि दर्शकों को कार के अलावा फ्रिज, एलसीडी टीवी, वॉशिंग मशीन सहित कई आकर्षक पुरस्कार जीतने का मौका मिलेगा। बाइस से 28 नवंबर तक सुरजीत हॉकी स्टेडियम के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर दर्शकों को प्रतिदिन नि:शुल्क लकी-ड्रा कूपन दिये जाएंगे। खिलाड़ियों को भी उनके पहले मैच के दिन लकी-ड्रा कूपन जारी किये जाएंगे। सभी पुरस्कारों का लकी ड्रॉ 28 नवंबर को फाइनल मुकाबला समाप्त होने के तुरंत बाद स्टेडियम में निकाला जाएगा। ड्रॉ की व्यवस्था सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के लिए सोसायटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम प्रताप की अध्यक्षता में विशेष समिति का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि 43वां सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट 22 से 28 नवंबर तक जालंधर के बर्ल्टन पार्क स्थित सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले देखने के लिए दर्शकों से किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित