भागलपुर, अक्टूबर 12 -- बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 413.50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।भागलपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर)अतुलेश झा ने यहां बताया कि जिले के सबौर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास कुछ लोगों द्वारा भारी मात्रा में मादक पदार्थों को वाहन से अन्यत्र ले जाने की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के निर्देशन में उनके निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि व्यवस्था) एवं स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम सबौर रेलवे स्टेशन के निकट पहुंची।उन्होंने बताया कि पुलिस बल को देखकर कुछ लोग भागने लगे। लेकिन पुलिस ने खदेड़कर दो लोगों को दबोच लिया और तलाशी के क्रम में 403.20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। बाद में उन लोगों के निशानदेही पर अन्यत्र इस धंधे में लिप्त एक अपराधी को पकड़ा गया है। तीनों की पहचान जयनंदन कुमार एवं संगम प्रिया (मोजाहिदपुर क्षेत्र) और कृष्ण कुमार (लोदीपुर क्षेत्र) के रुप में हुई है।

श्री झा ने बताया कि औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना के गोपालपुर गांव के पास अवैध रुप से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर -एक एवं अपर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने गोपालपुर गांव के पास बायपास सड़क पर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस अधीक्षक ( नगर) ने बताया कि इस दौरान एक स्कूटी सवार व्यक्ति के तलाशी के क्रम में 10.30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान कुमार उर्फ जीपू के रुप में हुई है और वह बगल के फतेहपुर गांव का रहने वाला है। इधर दोनों जगहों से ज़ब्त किए गए कुल ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब चालीस लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने इस सिलसिले में सुसंगत धाराओं में चारों अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई शुरु कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित