भिण्ड , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में 40 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराने वाले अरोरा एक्स ऐप का कारोबार संदेह के घेरे में आ गया है। पिछले सात-आठ महीने से चल रहे इस कारोबार का कार्यालय बंद हो गया है। 14 अक्टूबर से लेनदेन अटकने के बाद निवेशकों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों की करोड़ों रुपये की राशि फंसने की आशंका है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, भिण्ड शहर में अरोरा एक्स ऐप के जरिए लोगों को रकम दोगुनी करने का लालच देकर निवेश कराया जा रहा था। शुरुआत में इस कारोबार में रोजाना लाखों रुपये के लेनदेन की बात सामने आई थी, जबकि हाल के दिनों में इसका दैनिक कारोबार करोड़ों रुपये तक पहुंचने की चर्चा है। कार्यालय बंद होने और लेनदेन रुकने के बाद निवेशक अपनी रकम वापस पाने के लिए संबंधित लोगों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।

सिटी कोतवाली और देहात थाना पुलिस ने कारोबार से जुड़े जिम्मेदार लोगों को नोटिस जारी किए थे। इनमें से एक नोटिस का जवाब उच्च न्यायालय के वकील के माध्यम से पुलिस को दिया गया है। पुलिस जवाब और निवेशकों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साइबर टीम ऐप से जुड़े नेटवर्क, बैंक खातों और लेनदेन का विवरण जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कुल कितनी राशि का लेनदेन हुआ और पैसा किन खातों में पहुंचा।

पुलिस ने झारखंड के दुमका में अरोरा एक्स के एक संचालक के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी की प्रति भी मंगवाई है। इसके आधार पर वहां दर्ज मामले और भिण्ड में सामने आए तथ्यों के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल की जाएगी।

भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस को मिले हैं और शिकायतकर्ता भी सामने आए हैं। पुलिस लेनदेन सहित अन्य जानकारियां जुटाकर मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित