कानपुर , जुलाई 10 -- कानपुर नगर की कल्याणपुर थाना पुलिस ने करीब 4.93 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड और अवैध बैंक लेन-देन से जुड़े मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, 95 सिम कार्ड और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार नवशील धाम फेज-2, कल्याणपुर निवासी आशीष कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने संस्था में डोनेशन और आर्थिक सहयोग दिलाने का झांसा देकर उन्हें विश्वास में लिया। बाद में उन्हें लखनऊ बुलाकर अवैध रूप से रोके रखा गया और संस्था से संबंधित मोबाइल फोन तथा बैंक खातों का दुरुपयोग करते हुए करीब 4.93 करोड़ रुपये का अवैध लेन-देन किया गया। शिकायतकर्ता को धमकाकर बैंक खाते, पंजीकृत मोबाइल नंबर, ओटीपी, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का दुरुपयोग किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर आईआईटी कानपुर नगर गेट से लगभग 500 मीटर आगे कन्नौज की ओर जाने वाली सड़क के किनारे से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीतापुर जिले के महमूदाबाद क्षेत्र निवासी सौरभ वर्मा (28) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लखनऊ के मड़ियाव क्षेत्र में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से शिकायतकर्ता को डोनेशन और आर्थिक सहयोग के नाम पर विश्वास में लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन में एपीके फाइल इंस्टॉल कर मोबाइल और बैंकिंग एक्सेस प्राप्त कर लिया गया। विदेशी हैंडलरों और अन्य सहयोगियों की मदद से संस्था के बैंक खातों में जमा धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में आईएमपीएस, एनईएफटी और आरटीजीएस के माध्यम से स्थानांतरित किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक वनप्लस मोबाइल फोन, 220 रुपये नगद तथा कुल 95 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनमें जियो के 10, एयरटेल के 50 और वीआई के 35 सिम कार्ड शामिल हैं।
इस संबंध में थाना कल्याणपुर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और साइबर फ्रॉड के नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित