नयी दिल्ली , जून 11 -- दक्षिण अफ़्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया की मेज़बानी में होने वाला 2027 वनडे विश्व कप 4 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच खेला जाएगा। ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि इन तारीख़ों पर सहमति मई में अहमदाबाद में हुई आईसीसी की बोर्ड मीटिंग के दौरान बनी थी और जुलाई में होने वाली वार्षिक बैठक में सूक्ष्म चीज़ों पर चर्चा होगी।
ऐसा माना जा रहा है कि दक्षिण अफ़्रीका के आठ मैदानों पर ही अधिकांश मैच खेले जाने हैं और 54 में से 41 मैच इसी देश में हो सकते हैं। ज़िम्बाब्वे में 8-10 और नामीबिया में तीन मैच खेले जा सकते हैं। शुरुआत में ज़िम्बाब्वे के दो मैदानों की ही बात हो रही थी, लेकिन अब इस साल के अंत तक विक्टोरिया फॉल्स पर बन रहा स्टेडियम भी बनकर तैयार हो जाएगा तो तीनों मैदानों का इस्तेमाल होगा। नए स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मान्यता दिलाने के लिए दक्षिण अफ़्रीका की टीम ज़िम्बाब्वे का दौरा करने वाली थी, लेकिन फिलहाल उस पर अधिक अपडेट नहीं है।
2003 के बाद यह दक्षिण अफ़्रीका में होने वाला पहला वनडे विश्व कप होगा। हालांकि, इस बीच में 2007 पुरुष टी20 विश्व, 2009 चैंपियंस ट्रॉफ़ी और 2023 महिला टी 20 विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ़्रीका में हो चुका है। हाल ही में ज़िम्बाब्वे और दक्षिण अफ़्रीका ने मिलकर पुरुष अंडर-19 विश्व कप होस्ट किया था। पिछले दो संस्करणों में 10 टीमों के साथ खेले गए टूर्नामेंट की 14 टीमों के साथ वापसी होगी। टीमों को सात-सात के दो ग्रुप में बांटा जाएगा और फिर दोनों ग्रुप से टॉप-3 टीमें सुपर सिक्स में जगह बनाएंगी। दक्षिण अफ़्रीका और ज़िम्बाब्वे पहले ही अपनी जगह बना चुकी हैं, लेकिन नामीबिया क्वालिफ़िकेशन प्रक्रिया का हिस्सा होगी।
यह विश्व कप 2027-2031 के फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (एफटीपी) का पहला आईसीसी इवेंट होगा। यह नियम दोनों पक्षों के बीच द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय समझौतों को नियंत्रित करता है और इस वर्ष के अंत में हांगकांग में आईसीसी की बैठकों में इसे अंतिम रूप दिया जाना है। ऐसा माना जाता है कि कुछ प्रारंभिक चर्चाएं हो चुकी हैं, लेकिन एफटीपी के निर्माण में मुख्य अड़चन विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की संरचना और इसके संभावित विस्तार को लेकर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित