पटना , जून 10 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने 350 ग्राम मादक पदार्थ बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानुप्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को खगौल थाना क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा मादक पदार्थ ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 100 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भोजपुर जिले के आरा में छापेमारी की, जहां से एक अन्य व्यक्ति को 250 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया।उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 350 ग्राम स्मैक/ब्राउन शुगर बरामद की गई तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित