सोनीपत , जुलाई 30 -- हरियाणा के अतिरिक्त उपायुक्त एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में गोहाना विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद की कार्यवाही के सुचारू संचालन के लिए सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ), पर्यवेक्षकों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नोटिस वितरण, सुनवाई, दावों एवं आपत्तियों के निपटान तथा निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। श्री चोपड़ा ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरे करने तथा नोटिस जारी करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि अब तक 1,97,547 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं और लगभग 82.5 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। गोहाना विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची 31 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी, जबकि दावों एवं आपत्तियों के निपटान के बाद अंतिम मतदाता सूची तीन अक्टूबर को जारी होगी।
उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों को नोटिस वितरण में तेजी लाने, सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा प्रत्येक सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के साथ दो अतिरिक्त सदस्यों की तैनाती कर पूरी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित