पटना , अगस्त 11 -- िहार सरकार वर्ष 2026 तक खसरा-रूबैला के उन्मूलन तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार ने राज्य के सभी जिलों को 31 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाकर खसरा-रूबैला (एमआर) टीकाकरण से छूटे हुए सभी बच्चों को टीका देने का निर्देश दिया है। अभियान के दौरान किसी भी पात्र बच्चे के टीकाकरण से वंचित रहने की स्थिति न बने, इसके लिए नियमित टीकाकरण सत्रों के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों पर भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

जनवरी से जून 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार राज्य के 161 प्रखंडों में 35,969 बच्चों को एमआर -1 यानी खसरा-रूबैला टीके की पहली खुराक तथा 104 प्रखंडों में 22,033 बच्चों को एमआर -2 यानी खसरा-रूबैला टीके की दूसरी खुराक नहीं दी जा सकी है। इन सभी बच्चों को चिह्नित कर नियमित टीकाकरण दिवसों के दौरान टीकाकृत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विशेष अभियान के तहत 09 माह से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी छूटे हुए बच्चों का सर्वे कर ड्यू लिस्ट तैयार की जाएगी। प्रखंड स्तर से जिला तथा जिला स्तर से राज्य स्तर पर संकलित प्रतिवेदन भेजने की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद नियमित टीकाकरण सत्रों के अतिरिक्त हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,अनुमंडल अस्पताल एवं जिला अस्पतालों में 31 अगस्त 2026 तक लक्षित बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

अभियान के दौरान लक्षित बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी। राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश के अनुसार अगस्त 2026 से आगामी तीन महीनों तक 09 माह से 05 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए नियमित टीकाकरण तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस सत्रों का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। इससे विटामिन-ए से वंचित बच्चों की पहचान, नियमित निगरानी तथा कम आच्छादन वाले क्षेत्रों में समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। टीकाकरण अभियान के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संस्थान या सत्र स्थल पर खसरा-रूबैला वैक्सीन की कमी न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त एमआर वैक्सीन वॉयल उपलब्ध कराए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित