मुंबई , अक्टूबर 26 -- शराज फिल्म्स की एक्शन फिल्म 'अल्फा' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 31 अक्टूबर को रात आठ बजे सोनी मैक्स पर होगा। शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

'अल्फा' में आलिया भट्ट एक प्रशिक्षित हत्यारिन के बिल्कुल नए अवतार में दिखाई देंगी। हाई-ऑक्टेन एक्शन, शानदार विजुअल्स और रोमांच से भरपूर यह फिल्म दो निडर महिला किरदारों की कहानी को केंद्र में रखती है। सोनी मैक्स के फेस्टिव लाइन-अप में शामिल यह फिल्म दर्शकों को एक्शन और मनोरंजन का रोमांचक अनुभव देने के लिए तैयार है।

आलिया भट्ट ने कहा कि सोनी मैक्स पर टेलीविजन प्रीमियर के साथ 'अल्फा' नए दर्शकों तक पहुंचेगी। फिल्म के एक्शन, किरदारों और उनकी भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर उतारने के लिए पूरी टीम ने काफी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों का मौसम फिल्मों को परिवार के साथ देखने और खास पल साझा करने का खूबसूरत अवसर होता है। उन्हें खुशी है कि सोनी मैक्स के माध्यम से फिल्म को नए दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिल रहा है।

शरवरी ने कहा कि 'अल्फा' उनके लिए बेहद रोमांचक और खास सफर रही है। फिल्म के एक्शन, भावनाओं और इसकी दुनिया को पर्दे पर उतारने के लिए टीम ने काफी मेहनत की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पहली बार फिल्म देखने वाले दर्शकों को भी इसका भरपूर आनंद मिलेगा, जबकि इसे पहले देख चुके दर्शकों के लिए भी यह अनुभव खास रहेगा।

'अल्फा' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 31 अक्टूबर को रात आठ बजे सिर्फ सोनी मैक्स पर प्रसारित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित