चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- चंडीगढ़ ट्राइसिटी कैब ड्राइवर्स यूनियन ने 30 जुलाई को संपूर्ण हड़ताल और शांतिपूर्ण विरोध मार्च का ऐलान किया है। यूनियन का कहना है कि पिछले 60 दिनों से लगातार शांतिपूर्ण धरना देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई जिसके चलते आंदोलन तेज करने का फैसला लिया गया है।

यूनियन के अनुसार विरोध मार्च सुबह 10 बजे सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड से शुरू होकर लोक भवन तक जाएगा। इसमें चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के हजारों कैब, टैक्सी और ऑटो चालक शामिल होंगे।

यूनियन की प्रमुख मांगों में चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा अधिसूचित किराया दरों को तुरंत लागू करना, उबर, इनड्राइव, रैपिडो और ब्ला ब्ला जैसी एग्रीगेटर कंपनियों पर नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई, निजी वाहनों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर रोक, पैनिक बटन संबंधी प्रावधानों की समीक्षा तथा सभी के लिए समान नियम लागू करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित