जयपुर , अगस्त 25 -- राजस्थान में वन विभाग की ओर से रक्षाबंधन के पर्व के अवसर पर भाई-बहन के प्रेम और स्नेह को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से भाई-बहन के नाम 29 अगस्त से तीन सितंबर तक पौधारोपण कार्यक्रम' आयोजित किया जायेगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरिजीत बनर्जी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई या बहन के नाम एक पौधा लगायें और उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि भाई-बहन के नाम लगाया गया पौधा प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक बनने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली एवं स्वच्छ पर्यावरण का अनमोल उपहार साबित होगा।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते की भावनाओं को मजबूत करने का पर्व नहीं है, बल्कि इसे प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी बनाया जा सकता है। प्रत्येक परिवार यदि अपने भाई-बहन के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो सामूहिक रूप से यह अभियान राजस्थान को हराभरा बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
वन विभाग ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण कर इस जन-अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। अभियान के दौरान भाई-बहन के नाम लगाये गये पौधों तथा उनकी देखभाल के संकल्प को राज्य सरकार के हरियालो ऐप एवं भारत सरकार के मेरी लाइफ पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा। अधिक से अधिक पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल का संकल्प लेकर उसे पोर्टल पर दर्ज करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानितभी किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित