भीलवाड़ा , जुलाई 28 -- राजस्थान में पुलिस के जन सहायता अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित मोबाइल मेले में 281 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए।
लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने स्वयं अपने हाथों से मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य, साइबर दल के सदस्य और बड़ी संख्या में मोबाइल धारक मौजूद रहे।
मोबाइल वापस पाने वाले दिनेश बलाई ने बताया कि उनका मोबाइल 18 मई को रोडवेज बस स्टैंड के आसपास गुम हो गया था। अगले दिन उन्होंने सुभाष नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। काफी समय बाद पुलिस का फोन आया और उन्हें उनका मोबाइल वापस मिल गया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि उनका फोन दोबारा मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित