अलवर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान में अलवर जिले के ठेकड़ा गांव स्थित पुलिस प्रशिक्षण स्कूल में बुधवार को आरक्षी प्रशिक्षुओं का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (उग्रवाद निरोधी दस्ता एवं मादक पदार्थ निरोधी कार्यबल (एएनटीएफ), जयपुर दिनेश एमएन ने परेड की सलामी ली। समारोह में प्रशिक्षुओं ने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कदमताल करते हुए पुलिस सेवा में अपनी नई जिम्मेदारी की ओर कदम बढ़ाया।

समारोह में केन्द्रीय पुलिस संगठनों के प्रशिक्षण केन्द्रों के अधिकारी, अलवर जिले के सेवानिवृत्त एवं सेवारत पुलिस अधिकारी और प्रशिक्षुओं के परिजन मौजूद रहे। इस बैच का नियमित प्रशिक्षण 16 फरवरी 2026 से शुरू हुआ था।

समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिनेश एमएन ने कहा कि पुलिस की नौकरी महज रोजगार नहीं, बल्कि समाज की सेवा और लोगों की समस्याओं को दूर करने का बड़ा अवसर है। पुलिस की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि आम नागरिक दिन हो या रात, बिना भय के खुद को सुरक्षित महसूस करे। उन्होंने कहा कि कॉन्स्टेबल से लेकर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तक हर पुलिसकर्मी पुलिसिंग की महत्वपूर्ण कड़ी है और सामूहिक भावना से ही बेहतर कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। श्री दिनेश एमएन ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी को नयी चुनौती बताते हुए कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ और अन्य सामग्री भारतीय क्षेत्र में गिराने के मामले बढ़े हैं। राजस्थान पुलिस के उग्रवादी विरोध दस्ता और एएनटीएफ, श्रीगंगानगर, बीकानेर और बाड़मेर पुलिस के समन्वित प्रयासों से तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित