पटना , सितंबर 03 -- वन निर्माण विभाग की ओर से प्रशासनिक ढांचे को और मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों एवं आवासीय परिसर का निर्माण किया जा रहा है। राज्य के 240 प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन एवं 59 प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों के साथ ही आवासीय परिसर भवन का निर्माण किया जा रहा है। इनमें से 278 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है और भवनों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण किया जा रहा है।

गया भवन प्रमंडल में 14, छपरा में 13, बेगूसराय में 12, भागलपुर एवं मोतिहारी में 11-11, आरा, बेतिया, दरभंगा, मधुबनी एवं पूर्णिया में 10-10 प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण सहित अन्य जिलों में निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। आरा सदर प्रखंड में भवन के प्रथम तल के स्लैब के लिये शटरिंग एवं रिइंफोर्समेंट कार्य जारी है। कोइलवर में भूतल के कॉलम ढलाई का कार्य तीव्र गति से चल रहा है । तेघड़ा एवं बरौनी प्रखंड में भवन के भूतल व प्रथम तल की छत ढलाई का कार्य किया जा रहा है। वहीँ, मंसूरचक, बखरी एवं साहेबपुर कमाल में फाउंडेशन कार्य पूर्ण हो गया है। आवासीय ब्लॉक ए , बी एवं सी के कॉलम कास्टिंग का काम चल रहा है।

अररिया सदर एवं रानीगंज में प्रखंड सह अंचल कार्यालय के फर्स्ट फ्लोर एवं सेकेंड फ्लोर रूफ स्लैब कास्टिंग पूर्ण कर ली गई है। बरौली (गोपालगंज)में तृतीय तल की छत ढलाई पूर्ण हो गई। भोरे प्रखंड में मुख्य भवन एवं आवासीय क्वार्टरों (टाइप ए , बी , सी , डी ) का 40 प्रतिशत भौतिक निर्माण पूर्ण किया जा चुका है।

विभागीय सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि राज्य में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। भवनों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यालय स्तर से लगातार समीक्षा एवं अनुश्रवण हो रहा है। उन्होंने ने बताया कि ससमय भवनों का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के लिये उड़नदस्ता दल द्वारा नियमित रूप से स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। कुछ जगहों पर स्थल समस्या सहित अन्य बाधाओं को दूर किया जा रहा है, जिससे शेष भवनों का शीघ्र कार्य किया जा सके।

प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं आवासीय परिसर के निर्माण के लिए प्रति प्रखंड 30 करोड़ 74 लाख 17 हजार रुपये तथा पुराने भवन की जगह नये प्रखंड सह-अंचल कार्यालय भवन के निर्माण के लिए प्रति प्रखंड 16 करोड़ 62 लाख 10 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के प्रशासनिक भवन (जी 2) में प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचलाधिकारी सहित प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारियों के कार्यालय, आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, आरटीपीएस काउंटर, कैंटिन और रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था होगी। प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय-सह-आवासीय परिसरों में प्रशासनिक भवन के साथ-साथ आवासीय सुविधाएं भी होंगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए भी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भवनों की छत पर सोलर पैनल का अधिष्ठापन किया जाएगा, जिससे कार्यालय भवन में बिजली की बचत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित