जालंधर , अक्टूबर 19 -- पंजाब के जालंधर में पुरुष एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं और टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में शुरू होगा।

उपायुक्त वरजीत वालिया ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमामें पूरे करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्टेडियम के नवीनीकरण और बुनियादी ढांचे से जुड़े लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा, ताकि मुकाबले शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय खेल मानकों और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप टूर्नामेंट का सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों, टीमों और हॉकी प्रशंसकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन 27 अक्टूबर को होगा। पहले दिन मलेशिया का मुकाबला चीन से और जापान का दक्षिण कोरिया से होगा। उद्घाटन समारोह के बाद मेजबान भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने होंगी।

जालंधर में पूल मुकाबले दो नवंबर तक खेले जाएंगे। 29 अक्टूबर को मलेशिया-दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश-जापान और भारत-चीन के बीच मैच होंगे। 30 अक्टूबर को बांग्लादेश-मलेशिया, दक्षिण कोरिया-चीन और जापान-भारत भिड़ेंगे। एक नवंबर को दक्षिण कोरिया-बांग्लादेश, चीन-जापान और मलेशिया-भारत के मुकाबले होंगे। दो नवंबर को चीन-बांग्लादेश, जापान-मलेशिया और भारत-दक्षिण कोरिया के मैचों के साथ पूल चरण समाप्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित