शामली , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली जिले के कैराना दौरे पर पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे, विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे तथा ऊंचागांव में लगभग 262 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नई पीएसी वाहिनी का उद्घाटन करेंगे।
भाजपा नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12 बजे विजय सिंह पथिक महाविद्यालय पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद वह विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके उपरांत उनका कार्यक्रम ऊंचागांव में नव निर्मित पीएसी वाहिनी के उद्घाटन का है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विजय सिंह पथिक महाविद्यालय में मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल सहित पूरे कैराना क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नगेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारी लगातार सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले नवंबर 2021 में भी कैराना आए थे। उस दौरान उन्होंने विजय सिंह पथिक महाविद्यालय से विभिन्न विकास परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण एवं शिलान्यास किया था। उन्होंने कटरा धर्मशाला पहुंचकर वर्ष 2014 के पलायन के बाद लौटे एक व्यापारी परिवार से मुलाकात की थी और व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था।
मुख्यमंत्री के एक बार फिर कैराना आगमन को लेकर प्रशासन के साथ-साथ भाजपा संगठन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के दौरे और विकास परियोजनाओं की सौगात को लेकर उत्साह का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित