पटना , अप्रैल 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 26 अप्रैल को शूरवीर, धर्मवीर, दानवीर भामाशाह की जयंती भव्य तरीके से मनाएगी।
पंचायती राज प्रकोष्ठ के बैनर तले 26 अप्रैल को पटना स्थित बीआईए सभागार में भव्य जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा पंचायती प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश कुमार नंदन ने बताया कि 26 अप्रैल को बड़ी संख्या में लोग इस समारोह में भाग लेंगे और भामाशाह के जीवन-दर्शन, त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा के आदर्शों को समझेंगे और आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकहित और आत्म-सम्मान के लिए अपना सर्वस्व दान कर देने वाले भामाशाह के आदर्श और प्रेरणा को चिरस्थायी रखने के लिए आयोजित इस भव्य जयंती समारोह में समाज के गणमान्य विद्वान, राजनेता, व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी, जो उनकी जीवन गाथा का बखान करेंगे।
श्री नंदन ने कहा कि यह समारोह ऐतिहासिक होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक यह आयोजन सामाजिक स्तर पर होता था, लेकिन इस बार पार्टी के बैनर तले बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं और समाज में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।उन्होंने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए भामाशाह के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित