बहराइच , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की कैसरगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया आरोपी को गिरफ्तार किया है,जिसके खिलाफ चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कैसरगंज थाना क्षेत्र के धोबियनपुरवा गोड़हिया नंबर-01 निवासी सीताराम (38) के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज था। पुलिस अधीक्षक ने 16 सितंबर को मु0अ0सं0 291/2026 में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत फरार चल रहे आरोपी सीताराम पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।
इसी के क्रम मे पुलिस ने रविवार को मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय बहराइच भेजा गया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कैसरगंज राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का लंबा अमराधिक इतिहास है गिरफ्तार आरोपी सीताराम के खिलाफ वर्ष 2019 से वर्ष 2026 तक बौंडी, फखरपुर और कैसरगंज थानों में चोरी, घर में घुसकर चोरी तथा अन्य संबंधित धाराओं में कुल 14 अभियोग दर्ज हैं। इनमें कैसरगंज थाने में वर्ष 2019 में चोरी और नकबजनी से संबंधित कई मामले दर्ज होने का उल्लेख है। वर्ष 2026 में भी फखरपुर और कैसरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में थानाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक भानू प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी स्वामीनाथ खरवार, मुख्य आरक्षी राजवीर सिंह तथा आरक्षी सौम्य श्रीवास्तव, अभिषेक तिवारी और जंग बहादुर वर्मा शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में वांछित और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित