वाराणसी , जून 17 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने काशी के 25 प्राथमिक एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के नवीनीकरण, मरम्मत, पुनरुद्धार और नवनिर्माण की बड़ी योजना तैयार की है। इस परियोजना पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्यदायी संस्था शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी। इस कार्य को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत प्राथमिक विद्यालयों के भवनों का नवनिर्माण कर नया रूप दिया जाएगा। जिन स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की कमी है, वहां आवश्यक संसाधनों का विकास किया जाएगा। कक्षाओं का आधुनिकीकरण, शौचालय, पेयजल, बिजली, फर्नीचर और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि छात्रों को बेहतर और अनुकूल शिक्षण वातावरण मिल सके। इसके अलावा 19 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के मरम्मत व जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा।
उन्होने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाना है। आधुनिक सुविधाओं से लैस स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति बढ़ेगी और ड्रॉपआउट दर में कमी आएगी। साथ ही ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के बच्चों को भी शहरी स्तर की शिक्षा सुविधाएं मिल सकेंगी। नवनिर्माण व मरम्मत का कार्य स्मार्ट सिटी तथा ग्रामीण अभियंत्रण विभाग द्वारा कराया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित