पौड़ी , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड के पौड़ी में जनगणना 2026 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने तैयारियों एवं स्व-गणना की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और लक्ष्य आधारित कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करना होगा। उन्होंने उपजिलाधिकारियों से क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि जनपद में सीमांकन कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि सभी प्रगणक 27 अप्रैल तक अपने-अपने क्षेत्रों में कुल परिवारों की संख्या का आकलन कर रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। साथ ही, प्रत्येक दिन का लक्ष्य तय कर उसी के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया गया, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित