श्रीगंगानगर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रबी सत्र की तिलहनी फसल सरसों की बुवाई को बढ़ावा देने और किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा 2400 क्विंटल प्रमाणित सरसों बीज का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।
यह योजना किसानों की लागत कम करने और बेहतर पैदावार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ सतीश कुमार शर्मा ने गुरुवार को बताया कि कुल 2400 क्विंटल बीज में से सामान्य वर्ग के किसानों को 1524 क्विंटल और अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को 876 क्विंटल बीज आवंटित किया गया है। योजना के तहत एक हेक्टेयर तक की बुवाई के लिए बीज उपलब्ध कराया जाएगा। लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। चार दिनों के भीतर सम्पूर्ण बीज का वितरण पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रमाणित बीज का उपयोग करने से फसल की गुणवत्ता बेहतर होती है, रोग-कीट प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और पैदावार में सुधार आता है। बाजार में हाइब्रिड बीज महंगे होने के कारण कई छोटे और सीमांत किसान प्रमाणित बीज पर निर्भर रहते हैं। इस निःशुल्क वितरण से उन किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित