चंडीगढ़ , अगस्त 17 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आकर्षित करने के उद्देश्य से 23 और 24 अगस्त को मुंबई में 'हैपनिंग हरियाणा' रोडशो का आयोजन किया जाएगा।
रोडशो में हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेश को आसान बनाने के लिए सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी निवेशकों को दी जाएगी।
श्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि रोडशो का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन में हरियाणा की भूमिका को प्रदर्शित करना और राज्य को प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य के भविष्य के विकास की रूपरेखा तैयार करने के लिए हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2030 तैयार किया है, जिसकी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा ने औद्योगिक नीति में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं और नई एमएसएमई नीति लागू की है। इसके तहत 2030 तक एमएसएमई क्षेत्र में 55 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने और पांच लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि 27 अगस्त को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री श्री सैनी नई औद्योगिक नीति और एमएसएमई नीति के तहत निवेश के लिए एमओयू करने वाले निवेशकों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
मुंबई रोडशो में 10 नई औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) और कुंडली-मानेसर एक्सप्रेसवे के दोनों ओर पंचग्राम विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित किए जा रहे पांच नए शहरों की संभावनाओं को भी निवेशकों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मजबूत रेल, सड़क और हवाई संपर्क, दिल्ली-एनसीआर से निकटता तथा विकसित हो रहा औद्योगिक बुनियादी ढांचा हरियाणा को निवेश के लिए आकर्षक बनाता है। सरकार का लक्ष्य निवेश के साथ रोजगार और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित