नयी दिल्ली , जून 16 -- हिमाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के पहले चरण के अंतर्गत मकानों की स्व-गणना की अवधि पूरी होने के बाद जनगणनाकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर गणना का कार्य मंगलवार से शुरू हो गया और यह 15 जुलाई तक चलेगा।

दूसरी ओर केरल और नागालैंड में स्व-गणना सुविधा मंगलवार से शुरू हो गयी जो 30 जून तक चलेगी। इन राज्यों में जनगणनाकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर मकानों की गणना का कार्य 1 जुलाई से 30 जुलाई तक किया जायेगा।

अभी गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी तथा उत्तर प्रदेश में घर-घर जाकर मकानों की गणना का कार्य चल रहा है।

इस बीच 16 मई से 14 जून के दौरान महाराष्ट्र, मेघालय, राजस्थान एवं झारखंड राज्यों तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) क्षेत्र में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। पंजाब में भी यह कार्य 13 जून को सम्पन्न हो गया।

अब तक 23 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, दिल्ली, गोवा, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तराखंड में जनगणना के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित